
रायपुर | 31 जुलाई 2025:
छत्तीसगढ़ कनिष्ठ प्रशासनिक सेवा संघ के बैनर तले प्रदेश के सभी तहसीलदार एवं नायब तहसीलदारों ने आज से अनिश्चितकालीन हड़ताल की घोषणा कर दी है। यह निर्णय संघ द्वारा शासन को सौंपे गए 17 सूत्रीय मांगों के अब तक निराकरण न होने के चलते लिया गया है।
संघ ने 17 जुलाई को शासन को ज्ञापन सौंपते हुए मांग की थी कि राजस्व अधिकारियों को प्रशासनिक, तकनीकी एवं सुरक्षा संसाधनों की उपलब्धता, न्यायिक प्रक्रिया में संरक्षण, कार्य संतुलन, तथा सेवा शर्तों में सुधार जैसे मुद्दों पर जल्द कार्यवाही की जाए।
इस मुद्दे पर सरकार की चुप्पी से नाराज संघ ने 28 जुलाई को जिला स्तर, 29 जुलाई को संभाग स्तर, और 30 जुलाई को राज्य स्तर पर क्रमिक धरना-प्रदर्शन आयोजित किया था, जिसमें तहसीलदारों एवं नायब तहसीलदारों ने सामूहिक अवकाश लेकर भाग लिया।

संघ के पदाधिकारियों का कहना है कि “हमने शासन को पर्याप्त समय और सहयोग दिया, लेकिन अब तक न कोई वार्ता हुई, न ही कोई सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली। इसलिए आज से प्रदेशभर के अधिकारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर रहेंगे।”
राज्य के सभी संभाग मुख्यालयों में आज से अधिकारियों द्वारा शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया जा रहा है। हड़ताल के चलते राजस्व कार्यालयों में कार्य ठप होने की आशंका है, जिससे नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, जाति/आय/निवास प्रमाण पत्रों के निर्गमन जैसे कार्य प्रभावित हो सकते हैं।
संघ ने यह स्पष्ट किया है कि यह आंदोलन व्यक्तिगत हित नहीं, बल्कि प्रशासनिक गरिमा और कार्य परिस्थितियों के सुधार के लिए है। संघ ने शासन से पुनः आग्रह किया है कि यथाशीघ्र बातचीत कर समस्याओं का समाधान सुनिश्चित किया जाए।


