
खबर:
बिलासपुर जिले के गनियारी तहसील क्षेत्र में पदस्थ नायब तहसीलदार की कार्यप्रणाली एक बार फिर विवादों के घेरे में आ गई है। एक किसान और खनन कार्य से जुड़े लोगों ने नायब तहसीलदार श्रद्धा सिंह पर पद के दुरुपयोग, मनमानी कार्रवाई और कथित रूप से रिश्वत मांगने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं।
जानकारी के अनुसार मामला एक किसान की निजी भूमि के समतलीकरण और गहरीकरण से जुड़ा है। किसान का कहना है कि उसने अपनी जमीन को कृषि योग्य बनाने के लिए खनिज विभाग से आवश्यक वैधानिक अनुमति प्राप्त की थी और नियमानुसार माइनिंग पर्ची के आधार पर कार्य कराया जा रहा था। इसके बावजूद नायब तहसीलदार मौके पर पहुंचीं और कार्य को अवैध बताते हुए मशीनें रुकवा दीं।

पीड़ित किसान का आरोप है कि जब उसने खनिज विभाग द्वारा जारी दस्तावेज और माइनिंग पर्चियां प्रस्तुत कीं, तब भी उन्हें मानने से इनकार कर दिया गया और कथित रूप से मौके पर मौजूद सरकारी पर्चियों को अपने कब्जे में ले लिया गया।
किसान और वहां मौजूद कर्मियों का आरोप है कि पूरी कार्रवाई नियमों के पालन के बजाय कथित अवैध वसूली के दबाव बनाने के उद्देश्य से की गई। इस कार्रवाई से जहां किसान का कार्य पूरी तरह ठप हो गया है, वहीं उसे भारी आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ रहा है।
मामले से आक्रोशित पीड़ित किसान दस्तावेजों के साथ जिला कलेक्टर कार्यालय पहुंचा और लिखित शिकायत सौंपकर निष्पक्ष जांच तथा संबंधित अधिकारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस गंभीर शिकायत पर क्या रुख अपनाता है और जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं।




