
बिलासपुर। कलेक्टर बिलासपुर के निर्देशानुसार सिरगिट्टी स्थित अमरनाथ एग्रो प्रोडक्ट्स (राइस मिल) में तहसीलदार, अतिरिक्त तहसीलदार, दो खाद्य निरीक्षक, पटवारी तथा नागरिक आपूर्ति निगम के कर्मचारियों की संयुक्त टीम द्वारा औचक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान मिल परिसर में भारी मात्रा में धान बेतरतीब तरीके से रखे होने के कारण जांच दल को जांच पूरी करने में दो दिवस का समय लगा। मिल प्रबंधन द्वारा बताया गया कि वर्तमान विपणन वर्ष में विभिन्न समितियों से लगभग 59,500 क्विंटल धान मिल में लाया गया है। जांच के दौरान करीब 5,000 क्विंटल चावल की मिलिंग होना पाया गया।
समस्त जांच उपरांत राइस मिल में कुल 11,443 बोरी धान कम पाई गई। इसके साथ ही स्टॉक डिटेल रजिस्टर, बी-1 एवं अन्य आवश्यक दस्तावेज अद्यतन एवं विधिवत संधारित नहीं पाए गए, जिससे गंभीर अनियमितता की आशंका जताई जा रही है।
तहसीलदार द्वारा कार्यपालन यंत्री, छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड को पत्र लिखकर मिल में पिछले 10 दिनों एवं पिछले एक माह की विद्युत खपत की जानकारी मांगी गई है, ताकि मिलिंग कार्य की वास्तविक स्थिति का सत्यापन किया जा सके।
यह संपूर्ण कार्यवाही बिलासपुर एसडीएम के मार्गदर्शन में संपन्न की गई। मौके पर सभी बिंदुओं का पंचनामा तैयार कर अग्रिम कार्यवाही हेतु प्रतिवेदन संबंधित विभागों को प्रेषित कर दिया गया है।


