सीपत में तेज रफ्तार हाइवा घर में घुसी: दीवार गिरने से युवक घायल, लगभग 15 लाख का नुकसान

Gajendra Singh
Spread the love
Read Time:2 Minute, 23 Second

संवाददाता – रवि सिंह ठाकुर

बिलासपुर। जिले के सीपत थाना क्षेत्र अंतर्गत देवताल मोड़ में मंगलवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। तेज रफ्तार हाइवा ने मुख्य सड़क किनारे स्थित मकान और दुकान को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे घर की दीवार ढह गई और मकान को भारी नुकसान पहुंचा। हादसे में घर के सदस्य को भी चोटें आई हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, देवताल मोड़ सीपत निवासी शिवम अग्रवाल के घर श्री तुलसी निवास में सुबह करीब 7:30 बजे एक तेज रफ्तार हाइवा (क्रमांक CG 10 BH 3969) अनियंत्रित होकर सीधे मकान में जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मकान की दीवार गिर गई और नींव तक को नुकसान पहुंचा।
घटना के समय दीवार गिरने से शिवम अग्रवाल के बाएं कंधे में गंभीर चोट आई है। वहीं घर से लगी दुकान भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे उनकी रोजी-रोटी पर भी असर पड़ा है। बताया जा रहा है कि मकान, दुकान और सामान मिलाकर करीब 15 लाख रुपये तक का नुकसान हुआ है।
जानकारी के अनुसार, हादसे में शामिल हाइवा के मालिक का नाम संजय अग्रवाल बताया जा रहा है, जबकि वाहन के संचालन से जुड़ा प्रबंधन निखिल अग्रवाल के पास बताया गया है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई और मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मुख्य मार्ग पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार के कारण आए दिन हादसे की आशंका बनी रहती है, इसलिए प्रशासन से इस मार्ग पर सुरक्षा और गति नियंत्रण के पुख्ता इंतजाम की मांग की जा रही है।

Leave a Reply

You May Like