
स्थानीय डी.पी. विप्र महाविद्यालय में 27 एवं 28 दिसंबर को आयोजित दो दिवसीय राज्यस्तरीय कराते प्रतियोगिता का रविवार को रंगारंग एवं गौरवमय समापन हुआ। इस प्रतियोगिता का आयोजन कराते एसोसिएशन ऑफ इंडिया, बिलासपुर द्वारा किया गया, जिसमें छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से 515 खिलाड़ी छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।
प्रतियोगिता जूनियर, सब-जूनियर एवं सीनियर वर्ग में 5 वर्ष से लेकर 21 प्लस आयु वर्ग के खिलाड़ियों के लिए आयोजित की गई। दूसरे एवं अंतिम दिन 28 दिसंबर 2025 को आयोजित समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में अजय श्रीवास्तव, डॉ. अरविंद कुमार तिवारी (कुलसचिव, सी.वी. रमन विश्वविद्यालय), डॉ. प्रमोद तिवारी (खेल संचालक, अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय), सालीन पुष्पराज (प्राचार्य, भारतमाता स्कूल) एवं रंजीत पवार (संचालक, छत्रपति शिवाजी महाविद्यालय) उपस्थित रहे।
समारोह को संबोधित करते हुए अतिथियों ने बच्चों को मोबाइल से दूर रहकर खेल मैदान से जुड़ने का संदेश दिया और खेलों को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने पर जोर दिया। सभी अतिथियों ने प्रतियोगिता के सफल एवं भव्य आयोजन के लिए कराते एसोसिएशन ऑफ इंडिया के कोषाध्यक्ष एवं मुख्य आयोजक अविनाश सेठी की प्रशंसा करते हुए उन्हें बधाई दी।

मुख्य आयोजक “अविनाश सेठी” ने कहा कि कराते केवल एक खेल नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली और आत्मरक्षा के लिए अत्यंत आवश्यक विधा है। उन्होंने यह भी घोषणा की कि आने वाले समय में बिलासपुर में राष्ट्रीय स्तर की कराते प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा।
पदक तालिका में बिलासपुर अव्वल
प्रतियोगिता के परिणामस्वरूप 19 स्वर्ण, 6 रजत एवं 6 कांस्य पदक के साथ बिलासपुर ने चैंपियन का खिताब हासिल किया। वहीं 12 स्वर्ण, 9 रजत एवं 4 कांस्य पदकों के साथ गौरेला-पेंड्रा-मरवाही टीम ने दूसरा स्थान प्राप्त किया।
प्रतियोगिता के 10 सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी
ममता कश्यप – 3 स्वर्ण
नव्या साहू – 2 स्वर्ण, 1 रजत
अनय दास – 2 स्वर्ण
हिमांशी साहू – 2 स्वर्ण
अभिषेक सिंह – 1 स्वर्ण, 1 रजत
भुवन भैना – 1 स्वर्ण, 1 रजत
लालिमा चंद्र – 1 स्वर्ण, 1 रजत
पलक साहू – 1 स्वर्ण, 1 रजत
शेरा मारिया एंथोनी – 1 स्वर्ण, 1 रजत
विप्र वर्निता पाठक – 1 स्वर्ण, 1 रजत
कार्यक्रम का मंच संचालन एम.एस. तम्बोली ने किया। टूर्नामेंट ऑफिशियल के रूप में सुशील चंद्रा (अध्यक्ष, छत्तीसगढ़ कराते एसोसिएशन), तापस बोस, अशोक वर्मा, प्रतीक सोनी, नीतू सिंह, संयुक्ता दास, मनोज यादव, ठाकुर कर्ण सिंह, फिजा बानो, अमन नामदेव, भुवन भैना, तनिष्क यादव, देवेंद्र यादव, याशु गबेल, अभिलाष नामदेव एवं राज किरण ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
यह जानकारी छत्तीसगढ़ कराते एसोसिएशन के अध्यक्ष सुशील चंद्रा ने दी।


