
बिलासपुर। निगम क्षेत्र के जोन क्रमांक बहतराई और बिजौर में बुनियादी सुविधाओं की कमी के साथ अब एक और गंभीर समस्या लोगों के लिए मुसीबत बनी हुई है। शाम 6 बजे के बाद बहतराई से बिजौर तक लगभग 2 किलोमीटर लंबे मार्ग पर करीब 200 से ज्यादा गौवंश समूह के जानवर सड़क पर डटे रहते हैं। इनकी संख्या इतनी अधिक है कि आने-जाने वालों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
मार्ग पर चिन्हित स्थानों पर इनका जमावड़ा साफ देखा जा सकता है। स्टेडियम के दोनों ओर करीब 50, ब्रिलिएंट स्कूल के पास 50, हर्ष फीनिक्स कॉलोनी के पास 20, अलास्का कॉलोनी के पास 20 और गायत्री इन्क्लेव कॉलोनी के पास लगभग 30 गौवंश हर रोज़ नजर आ रहे हैं।

गौरतलब है कि यह क्षेत्र निगम में शामिल हुए पांच साल से अधिक हो चुके हैं, लेकिन अब तक यहां मूलभूत सुविधाएं नहीं मिल पाई हैं। हाल ही में मुख्यमंत्री ने बैठक लेकर सड़कों पर गौवंश मिलने पर कलेक्टरों की जवाबदेही तय की थी। बिलासपुर कलेक्टर ने भी अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई करने के आदेश दिए, लेकिन इस जोन के कमिश्नर पर इसका कोई असर दिखाई नहीं दे रहा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में करीब 6 TNC कॉलोनियों समेत कई छोटी-बड़ी कॉलोनियां हैं। शाम 7 बजे के बाद यहां से कार निकालना तो दूर, बाइक निकालना भी मुश्किल हो जाता है। अंधेरे के कारण कई बार वाहन गौवंश से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो चुके हैं। कॉलोनीवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सड़क से इन जानवरों को नहीं हटाया गया तो इसकी शिकायत विधायक और मुख्यमंत्री जनदर्शन में की जाएगी।



